पलवल में जोहड़ों पर अवैध कब्जे सफाई में बने बाधा, नहीं हो पा रही जलनिकासी

 

 पलवल शहर के जोहड़ों पर अवैध कब्जों के कारण नालों की सफाई सुचारु रुप से नहीं हो पा रही है, जिसके चलते बरसाती पानी की निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है और लोगों को इससे परेशानियां पेश आ रही है। दरअसल पलवल  में बरसाती पानी को एकत्रित करने के लिए लगभग 50 जोहड़ों का निर्माण किया गया था ताकि बरसाती पानी इन जोहड़ों में चला जाता और शहर वासियों को बरसाती पानी के चलते होने वाले जलभराव की समस्या से नहीं जूझना पड़ता लेकिन धीरे-धीरे राजनेताओं के साथ प्रॉपर्टी डीलर ने मिली भगत करके इन जोहड़ों को बेचना आरंभ कर दिया था। लगभग सभी सरकारों के कार्यकाल में पलवल में स्थित जोहड़ों को बेचकर के उन पर मकान बना दिए गए। इन जोहड़ों पर मकानों के बन जाने के कारण पलवल शहर में जरा सी बरसात होने पर बरसाती पानी की निकासी जोहड़ों में जाने के स्थान पर शहर के मार्गों पर पानी खड़ा हो जाता है। इसके अलावा पलवल में बनाए गए नालों की भी सफाई नहीं की जा रही है, इन नालों की सफाई नहीं होने का मुख्य कारण यहां के विभागों में आपसी तालमेल का न होना भी है, सफाई की जिम्मेदारी तीन विभागों पर होने से यह विभाग इसकी सफाई की जिम्मेदारी एक दूसरे पर डाल करके अपना पल्ला झाड़ लेते हैं, नतीजतन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। पलवल में स्थित नालों को जन स्वास्थ्य विभाग नगर परिषद व माइनर विभाग, नेशनल हाईवे पर स्थित नालों को नियमित रूप से साफ करने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की है लेकिन सरकारी विभाग इन नालों की सफाई मानसून के आरंभ होने से पहले नहीं करते हैं जिस कारण से यह नाले गंदगी से पूरी तरह भरे रहते हैं तथा जरा सी बरसात होने पर पानी की निकासी नहीं हो पाती है। जिला उपायुक्त डॉ जयनेंद्र छिल्लर के पलवल आगमन पर स्थानीय नागरिकों के द्वारा सोहना रोड पर स्थित नाले का निरीक्षण करने पर जिला उपायुक्त द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को इन नालों की सफाई करने के आदेश प्रदान किए गए थे लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारियों के द्वारा उनके आदेशों की पालना नहीं करके इन नालों की सफाई नहीं की गई थी जिस कारण से पलवल में हुई बारिश के कारण शहर के आर्य नगर, मोती कॉलोनी, झावर नगर, शेखुपुरा के लोगों के लिए नालों में उफनता पानी भारी परेशानी का सबब बन गया और उनके घरों तक पानी पहुंच गया, जिसके चलते उनके घरों में रखा खाने पीने का सामान तक खराब हो गया। पलवल के निवासियों को पलवल में स्थित जोहड़ों पर अवैध कब्जा तथा नालों की सफाई नहीं होने का खामियाजा जरा सी बरसात होने पर पानी के घरों में दुकानों में घुस जाने के रुप में उठाना पड़ रहा है। जलभराव के चलते उन्हें लाखों रुपए का नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। पलवल के नागरिकों का कहना है कि हरियाणा सरकार के द्वारा सभी जोहड़ों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के आदेश भी प्रदान करने के बाद भी पलवल शहर में किए गए अवैध कब्जों को हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है नागरिकों का कहना है कि जोहड़ों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर के प्रशासन पलवल शहर में बरसाती पानी की निकासी का उचित प्रबंध करके नागरिकों को में मार्गों पर खड़े रहने वाले बरसाती पानी की समस्या से निजात दिलाई ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

Check Also

विभिन्न आवेदनों पर जिला सलाहकार समिति ने किया विचार-विमर्श

जिला सलाहकार समिति (पीएनडीटी) की बैठक सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय पलवल में आयोजित की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *