हरियाणा के खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने पलवल मार्केट कमेटी के अध्यक्ष पंकज विरमानी के साथ प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान पलवल मंडी की व्यवस्थाओं और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।इस दौरान मंडी में जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने, पर्याप्त लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मंडी में आने वाले किसानों के लिए सुविधाओं को और मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष बातचीत हुई। खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि किसानों को अपनी उपज लेकर मंडी में आने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंडी की मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर किया जाना जरूरी है।उन्होंने मंडी में साफ-सफाई, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था तथा किसानों के आवागमन से जुड़ी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया।कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने भी किसानों की सुविधा से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के अध्यक्ष पंकज विरमानी ने मंडी से संबंधित स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी कृषि मंत्री के समक्ष रखी।मुलाकात का उद्देश्य पलवल मंडी को अधिक सुव्यवस्थित, सुविधाजनक और किसान हितैषी बनाना रहा, ताकि किसानों को अपनी फसल लेकर मंडी पहुंचने और उसकी बिक्री के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
BB News 24 www.bbnews24.live