हथीन के विकास को लगेंगे पंख : उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर

हथीन क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने तथा आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से वीरवार को लघु सचिवालय हथीन स्थित सभागार में विधायक हथीन मोहम्मद इसराइल और उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में उपमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में हथीन क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणाओं, मेवात डेवलपमेंट, एमपी लैंड, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्टेडियम, सब्जी मंडी, सामुदायिक भवन, लाइब्रेरी, सडक़, बहीन में उपतहसील भवन, गांव मानपुर से सौदहद परिक्रमा मार्ग की मरम्मत एवं सुधार, सिंचाई व्यवस्था तथा प्रशासनिक भवनों के उन्नयन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में विधायक हथीन मोहम्मद इसराइल ने उपमंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकताओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने हथीन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, सिंचाई व्यवस्था, सडक़ों की स्थिति और अन्य आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की बात कही।उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जिला स्तर पर विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाती है। अब तीनों उपमंडलों में भी इस प्रकार की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि तीनों विधानसभा क्षेत्रों की आवश्यकताओं, विकास कार्यों और जनप्रतिनिधियों की मांगों का बेहतर ढंग से आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी विकास कार्य को मुख्यमंत्री घोषणा अथवा बजट में शामिल करवाने से पहले उसकी तकनीकी एवं वित्तीय व्यवहार्यता का उचित आकलन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में रखे जाने वाले प्रत्येक विकास प्रस्ताव की विस्तृत व्यवहार्यता रिपोर्ट तथा अनुमानित लागत तैयार की जाए। यदि किसी निर्धारित स्थान पर कार्य करना संभव नहीं है तो उसके लिए वैकल्पिक स्थानों की भी पहचान की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का दायित्व केवल किसी कार्य को असंभव बताना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि वह कार्य किस प्रकार और कहां संभव हो सकता है। अधिकारी आगामी बैठकों में सभी प्रस्तावों की पूरी तैयारी और विकल्पों के साथ उपस्थित हों।बैठक में हथीन क्षेत्र में बीएससी नर्सिंग कॉलेज के प्रपोजल और जमीन तलाशने के प्रस्ताव पर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देना तथा युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। इसके अलावा हथीन में 100 बेड के उपमंडल स्तरीय अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। अस्पताल की स्थापना होने से हथीन सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने उटावड़ डिस्ट्रीब्यूटरी सहित क्षेत्र की अन्य नहरों एवं डिस्ट्रीब्यूटरियों की मरम्मत और रखरखाव से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाने तथा सिंचाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नहरों की उचित देखरेख और मरम्मत आवश्यक है। इसके अतिरिक्त गांव मानपुर से सौंदहद परिक्रमा मार्ग की मरम्मत एवं सुधार के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सडक़ की स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके।बैठक में एसडीएम हरिराम ने विधायक तथा उपायुक्त का स्वागत करते हुए कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य हथीन उपमंडल में लंबित विकास कार्यों की समीक्षा करना तथा भविष्य में करवाए जा सकने वाले विकास कार्यों पर चर्चा करना है। उन्होंने उपमंडल में करवाए जाने वाले विकास कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, जिला परिषद के सीईओ जितेंद्र कुमार, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, उपसिविल सर्जन डा. संजय, सीएमजीजीए संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

देवउठनी एकादशी पर हजारों भक्तजनों ने किए दर्शन

  देवउठनी एकादशी पर शनिवार को हजारों भक्तजनों ने पलवल जिले  उपमंड़ल होडल के वासंवा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *