जेजेपी के वरिष्ठ नेता प्रवीण डूडी और कांग्रेस पार्षद जीतू जाखड़ ने थामा भाजपा का दामन

 हरियाणा के खेल एवं कानून मंत्री  गौरव गौतम के नेतृत्व में पलवल में भारतीय जनता पार्टी का कुनबा लगातार मजबूत हो रहा है। रविवार को भाजपा को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रवीण डूडी और कांग्रेस के समर्पित पार्षद जीतू जाखड़ ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। दोनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने से पलवल की राजनीति में नई हलचल देखने को मिली। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष विपिन बैसला सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।भाजपा में शामिल हुए दोनों नेताओं का पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रवीण डूडी और जीतू जाखड़ ने भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीतियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा हरियाणा सरकार की विकासोन्मुखी कार्यशैली से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।इस अवसर पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने दोनों नेताओं का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ काम करने वाला संगठन है। पार्टी की विचारधारा और सरकार की जनहितकारी नीतियों से प्रभावित होकर लगातार विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान दिया जाता है और सभी को संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने का अवसर मिलता है।कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए गौरव गौतम ने कहा कि कांग्रेस की नीयत न तो विकास करने की थी और न ही जनता का विश्वास जीतने की। कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है, तब से विकास कार्यों को लगातार नई गति मिली है। आज देश और प्रदेश में जनता को समर्पित सरकार देखने को मिल रही है, जो केवल घोषणाएं करने में नहीं, बल्कि धरातल पर काम करके परिणाम देने में विश्वास रखती है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत प्रतिदिन नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आज दुनिया में भारत की पहचान और प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हो रही है। देश का बुनियादी ढांचा, सड़क नेटवर्क, रेलवे, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में नए आयाम स्थापित कर रहा है।खेल मंत्री ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं के सम्मान के लिए समर्पित है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह करोड़ों देशवासियों की आस्था और वर्षों पुराने संकल्प की पूर्ति का ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कांग्रेस और अन्य घटक दलों पर राम मंदिर के मुद्दे को लेकर भी कड़ा प्रहार किया और कहा कि भाजपा ने देश की जनता की भावनाओं और आस्था का सम्मान करते हुए इस ऐतिहासिक संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।गौरव गौतम ने कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर आधारित है। यही वजह है कि आज समाज के हर वर्ग का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के प्रति लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। पलवल विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल सुविधाओं, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। उनका लक्ष्य पलवल को विकास के मामले में नई पहचान दिलाना है।
राजनीतिक दृष्टि से भी जेजेपी के वरिष्ठ नेता प्रवीण डूडी और कांग्रेस पार्षद जीतू जाखड़ का भाजपा में शामिल होना पलवल के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पार्टी को स्थानीय स्तर पर नए राजनीतिक अनुभव, जनसंपर्क और संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Check Also

वेढ़ा गांव के युवक पर किया जानलेवा हमला

    वेढ़ा गांव में अपने खेत पर से आ रहे एक युवक पर जानलेवा हमला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *