सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन कर गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी कड़ी में थाना उटावड़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो व फायरिंग के वीडियो अपलोड करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को नियमानुसार जांच में शामिल कर गिरफ्तार करते हुए एक लाइसेंसी बंदूक और शस्त्र लाइसेंस को पुलिस कब्जे में लिया है।प्रबंधक थाना उटावड़ निरीक्षक हरीकिशन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि माननीय न्यायालय इलाका मजिस्ट्रेट, हथीन से प्राप्त एक इस्तगासा के आधार पर शिकायतकर्ता वसीम अकरम निवासी गांव उटावड़ की शिकायत पर दिनांक 18 सितंबर 2026 को थाना उटावड़ में भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि नासीर हुसैन निवासी उटावड़ (हाल निवासी उत्तरी दिल्ली) द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स (फेसबुक व इंस्टाग्राम) पर अलग-अलग हथियारों के साथ फोटो और बंदूक लोड कर फायरिंग करते हुए वीडियो पोस्ट किए गए थे, जिससे युवाओं में गन कल्चर को बढ़ावा मिल रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए गहनता से तफ्तीश अमल में लाई गई। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी नासीर हुसैन निवासी उटावड़ (हाल निवासी उत्तरी दिल्ली) तथा दूसरे आरोपी शेरू निवासी गांव उटावड़, जिला पलवल (हथियार धारक) को नियमानुसार जांच में शामिल उपरांत नियम अनुसार गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के अपराध स्वीकृति कथन दर्ज किए गए और आरोपी शेरू के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक तथा उसका शस्त्र लाइसेंस बरामद कर लिया गया है। पुलिस द्वारा जांच में साक्ष्यों के आधार पर आर्म्स एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं को समायोजित किया गया है।
BB News 24 www.bbnews24.live