
जी.जी.डी. एस. डी. कॉलेज, पलवल में आयोजित सात दिवसीय रिफॉर्म उत्सव 2026 – युवा रिफॉर्म्स फॉर विकसित हरियाणा के चौथे दिन सुधार मंथन: सुशासन के लिए नवाचारी विचार विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रिफॉर्म उत्सव की नोडल अधिकारी प्रो. (डॉ.) मंजुला बत्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के सात दलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कॉलेज की वर्तमान शैक्षणिक एवं संस्थागत सुविधाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार तथा नए विचारों के माध्यम से और अधिक उन्नत बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं विद्यार्थी-अनुकूल बनाने, शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार, पुस्तकालय सेवाओं के आधुनिकीकरण तथा खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने से संबंधित सुझाव दिए। उन्होंने सेमिनार, कार्यशालाओं एवं अन्य ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।तकनीकी नवाचार इस चर्चा का प्रमुख केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने स्मार्ट बोर्ड, आधुनिक डिजिटल शिक्षण संसाधनों, एआई आधारित शिक्षा, कोडिंग, भाषा-शिक्षण एवं मशीन लर्निंग जैसी नवीन तकनीकों को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के सुझाव दिए। उनका मानना था कि इन तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप ज्ञान एवं कौशल प्रदान किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, डिजिटल पुस्तकालय, ऑनलाइन शैक्षणिक संसाधनों तथा तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों के विस्तार पर भी विचार प्रस्तुत किए गए।विद्यार्थियों ने कॉलेज की आधारभूत एवं सहायक सुविधाओं के निरंतर उन्नयन, कैंटीन, कॉमन रूम, खेल सुविधाओं संबंधी संसाधनों को और बेहतर बनाने के सुझाव भी साझा किए। इन सभी विचारों का उद्देश्य कॉलेज के मौजूदा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को नवीन सुविधाओं एवं आधुनिक संसाधनों से और समृद्ध करना रहा।इस गतिविधि में लगभग 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की नवाचारी सोच को प्रोत्साहित करना, उन्हें संस्थागत विकास की प्रक्रिया से जोड़ना तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुधार एवं विस्तार की संभावनाओं पर विचार करना था। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों को संकलित कर उनकी व्यवहारिकता एवं प्राथमिकता के आधार पर आगे विचारार्थ प्रस्तुत किया जाएगा।प्रो. (डॉ.) मंजुला बत्रा ने बताया कि रिफॉर्म उत्सव के दूसरे दिन मेरा कॉलेज, मेरे सुझाव विषय पर गूगल फॉर्म के माध्यम से विशेष गतिविधि आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। तीसरे दिन ग्रुप डिस्कशन एवं जन संवाद गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करने तथा अपने नवाचारी दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का अवसर मिला।कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में रिफॉर्म उत्सव की नोडल अधिकारी प्रो. (डॉ.) मंजुला बत्रा तथा एसोसिएट नोडल अधिकारी डॉ. अंजू का मार्गदर्शन एवं समन्वय रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. वनिता सपरा ने किया। डॉ. रेणु शर्मा, डॉ अंजू , डॉ वंदना, डॉ. कांता, डॉ राजबीर, डॉ. रुचि, डॉ. अंजू ढल्ल, डॉ. रमन कुमार सैनी, डॉ नरेश, डॉ. वनिता, डॉ. पूनम, डॉ जितेन्द्र, परवीन एवं डॉ. सुमन मौजूद थे ।
Post Views: 148