नगर परिषद पलवल में भ्रष्टाचार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रॉपर्टी आईडी ठीक कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में नगर परिषद के क्लर्क सूरज को वीरवार दोपहर को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद नगर परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर परिषद में कार्यरत क्लर्क सूरज पर एक प्रॉपर्टी डीलर से उसकी प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने की एवज में 4 हजार रुपये मांगने का आरोप है। प्रॉपर्टी डीलर ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो पलवल को दी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मामले में कार्रवाई की योजना बनाई और नगर परिषद कार्यालय पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि जैसे ही प्रॉपर्टी डीलर ने क्लर्क सूरज को 4 हजार रुपये दिए, उसने पकड़े जाने के डर से रिश्वत की रकम को एक तरफ फेंक दिया। इसी दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने क्लर्क के हाथ धुलवाए तो हाथों से रंगीन पानी निकलने पर रिश्वत लेने के मामले की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर परिषद पलवल में कार्यरत एमई चिम्मनलाल तेवतिया को पुलिस रिश्वत लेते हुए पकड़ चुकी है। अब एक बार फिर क्लर्क के रिश्वत लेते पकड़े जाने से नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
नगर परिषद पलवल में प्रॉपर्टी आईडी बनवाने और उनमें सुधार कराने के नाम पर आम नागरिकों से कथित रूप से पैसे मांगने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। अब क्लर्क सूरज की गिरफ्तारी ने इन शिकायतों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर नगर परिषद में प्रॉपर्टी आईडी से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार अधिकारी क्या कदम उठा रहे हैं?
लगातार सामने आ रहे रिश्वतखोरी के मामलों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों की मांग है कि केवल रिश्वत लेते पकड़े जाने वाले कर्मचारियों तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि प्रॉपर्टी आईडी से जुड़े पूरे सिस्टम की जांच कर भ्रष्टाचार की शिकायतों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।
BB News 24 www.bbnews24.live