करीब चार महीने के लंबे अंतराल के बाद देवउठनी एकादशी 20 नवंबर से एक बार फिर विवाह समारोहों का दौर शुरू होने जा रहा है। शादियों का सीजन शुरू होने से पहले ही पलवल जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। जिले के लगभग सभी बैंक्वेट हॉल, मैरिज गार्डन और विवाह स्थलों की बुकिंग हो चुकी है। लंबे समय से सूने पड़े विवाह स्थलों में एक बार फिर शहनाइयां गूंजेंगी और घरों में मांगलिक कार्यक्रमों की रौनक देखने को मिलेगी।
विवाह सीजन को लेकर बाजारों में भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। कपड़ा, सर्राफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, टेंट, कैटरिंग, बैंड-बाजा और फोटोग्राफी से जुड़े कारोबारियों को अच्छे व्यापार की आस है। बैंक्वेट हॉल संचालकों से लेकर शादी समारोहों से जुड़े छोटे-बड़े कारोबारियों तक में उत्साह दिखाई दे रहा है।
52 पाल के फैसलों की होगी अग्निपरीक्षा
20 नवंबर से आरंभ इस बार विवाह सीजन केवल शहनाइयों और शादी समारोहों की रौनक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक सुधार के लिए 52 पाल द्वारा लिए गए फैसलों की भी कड़ी परीक्षा होगी। 52 पाल ने सामाजिक कुरीतियों और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के उद्देश्य से शादी समारोहों में डीजे बंद करने, सगाई समारोह में केवल दो व्यक्तियों के जाने तथा विवाह समारोहों में अनावश्यक खर्च और दिखावे को कम करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
इन फैसलों का समाज में सकारात्मक असर देखने को मिला है, लेकिन अब विवाह समारोहों का सीजन शुरू होने के साथ ही यह देखना दिलचस्प होगा कि समाज के लोग इन निर्णयों को कितनी गंभीरता से अपनाते हैं।
50 गांवों में कितनी होगी फैसलों की पालना?
सबसे अधिक निगाहें शादी समारोहों में डीजे पर रोक को लेकर रहेंगी। सवाल यह है कि क्या 52 पाल के करीब 50 गांवों के लोग सामाजिक फैसलों का पूरी तरह पालन करेंगे या फिर शादी समारोहों में पुराने ढर्रे पर ही डीजे, दिखावे और फिजूलखर्ची का सिलसिला जारी रहेगा।
सामाजिक जानकारों का मानना है कि यदि समाज के लोग आपसी सहमति से लिए गए इन फैसलों को ईमानदारी से लागू करते हैं तो इससे विवाह समारोहों में अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगेगा। साथ ही आने वाली पीढ़ियों को भी सादगीपूर्ण विवाह करने की प्रेरणा मिलेगी।
अब देवउठनी एकादशी से शुरू होने वाला विवाह सीजन केवल शहनाइयों की गूंज ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सुधार के फैसलों की सफलता का भी पैमाना बनेगा।
BB News 24 www.bbnews24.live