नगर परिषद पलवल के चेयरमैन डॉ. यशपाल के नेतृत्व में पलवल शहर को एक बड़ी सामाजिक सुविधा की सौगात मिलने जा रही है। कुशलीपुर में प्रस्तावित “सरदार वल्लभभाई पटेल भवन (गुर्जर धर्मशाला)” के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने हेतु नगर परिषद पलवल द्वारा 1 करोड़ 18 लाख रुपये की अनुमानित लागत से टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।डॉ. यशपाल ने कहा कि नगर परिषद पलवल शहर के समग्र विकास के साथ-साथ नागरिकों की सामाजिक आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता दे रही है। यह भवन समाज के विभिन्न वर्गों के लिए एक उपयोगी और सुव्यवस्थित स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां सामाजिक कार्यक्रम, जनकल्याणकारी बैठकें, सामुदायिक आयोजन, विवाह एवं अन्य पारिवारिक कार्यक्रम बेहतर व्यवस्था के साथ संपन्न हो सकेंगे।डॉ. यशपाल ने बताया कि “सरदार वल्लभभाई पटेल भवन (गुर्जर धर्मशाला)” का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के साथ भव्य स्वरूप में किया जाएगा। इसकी संरचना, व्यवस्था और उपयोगिता के कारण यह भवन क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यह आने-जाने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा और सामाजिक आयोजनों के लिए लोगों के बीच विशेष स्थान बनाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने दी जाए।
BB News 24 www.bbnews24.live