अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा का वृंदावन में आयोजित होने वाले प्रदेशस्तरीय खुला अधिवेशन के प्रति वैश्यजनों के उत्साह को देखते हुए ये आयोजन ऐतिहासिक होने जा रहा है। यह जानकारी देते हुए मार्केट कमेटी होडल पूर्व अध्यक्ष सुनील मित्तल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला की अध्यक्षता में आगामी 7 मार्च 2026 को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाभूमि वृंदावन के दिल्ली श्रीधाम रुक्मणी विहार में आयोजित होने वाली ये बैठक समाज की एकता, वैचारिक चिंतन और भविष्य की दिशा तय करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में शामिल होने वाले सभी अग्रवाल समाज के नागरिकों का होडल पहुंचने पर मयंक राइस मिल होडल पर अग्रवाल समाज होडल के नागरिकों के द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस आयोजन में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल, उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, राष्ट्रीय जनउद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता, बनारसी दास गुप्ता फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय गुप्ता, भाजपा नेता पंकज जैन, युवा नेता एवं समाजसेवी नवीन गोयल, उद्योगपति एवं समाजसेवी वासूदेव गर्ग, राष्ट्रीय नवचेतना मंच के अध्यक्ष विजय सोमाणी बतौर अतिथि अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे।सुनील मित्तल ने बताया कि आयोजन में भागीदारी को लेकर प्रदेश के कोने-कोने से वैश्यजन अपना पंजीकरण सुनिश्चित करवा रहें है। जिसे देखते हुए निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि प्रदेश का वैश्य समाज निश्चित रूप से अग्रवाल वैश्य समाज के मंच पर एकजुटता के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री पद के लिए संगठन का 9वां द्विवार्षिक चुनाव भी संपन्न करवाया जाएगा। यह चुनाव समाज के लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने और नेतृत्व को नई ऊर्जा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने बताया कि आयोजन के पश्चात प्रतिभागियों को वृंदावन धाम के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन भी करवाए जाएंगे, जिससे सामाजिक विमर्श के साथ-साथ आध्यात्मिक अनुभूति का भी अवसर प्राप्त होगा।
BB News 24 www.bbnews24.live