
पूर्व मंत्री करण दलाल ने ई-पोर्टल के माध्यम से की जा रही जमीन की खरीद को लेकर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है।
पलवल स्थित अपने कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए करण दलाल ने कहा कि भाजपा सरकार पलवल शहर के साथ-साथ खादर, आल्हापुर, अगवानपुर, पातली खुर्द, जोधपुर, रायपुर, धौलागढ, पृथला, नंगला भीखू, दूधौला, गदपुरी व अन्य गावों की लगभग 4400 एकड उपजाऊ जमीन को जबरन डर और भय का माहौल बना कर बिना मुआवजा दिए पोर्टल पर खरीदने का दुस्साहस करने में लगी हुई है। उन्होंने इसे गैरकानूनी व असंवैधानिक बताया।दलाल ने कहा कि सरकार किसानों की जमीन जबरन छीनना चाहती है। सरकार इसके बदले में किसानों को 500 से एक हजार गज के उसी जमीन में से प्लाट देगी। सरकार किसानों की करोड़ों की जमीन लूट रही है। यह किसानों के साथ सरासर अन्याय है। सरकार के अनुसार जमीन खरीदकर आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत क्षेत्र बनाए जाएंगे। देश के अंदर जमीन अधिग्रहण एक्ट को नजरअंदाज किया जा रहा है। इस ई पोर्टल के लागू होने के बाद जमीन के दाम नीचे आ जाएंगे। सरकार किसानों को बर्बाद कर देना चाहती है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस फैसले का जमकर विरोध करेगी। जिले के किसानों के साथ मिलकर रणनीति बनाई जाएगी और लड़ाई लड़ी जाएगी।उन्होंने कहा कि सरकार न तो किसानों की फसल को खरीदने का काम करती है न ही खराब फसल पर मुआवजा दिया जाता है। बल्कि कभी कीटनाशक, खाद आदि के दाम बढा दिए जाते हैं तो कभी पैट्रोल-डीजल के दामों में इजाफा कर खेती को मंहगा कर दिया जाता है। इसके बाद भी खाद आदि के साथ खेती के नाम पर अनावश्यक दवाईयों को जबरन किसानों को बेचा जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार के इस कदम का विरोध करेगी और किसानों के हितों की लड़ाई लड़ेगी। करण दलाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही किसानों के हितों की लड़ाई को लड़ा है और किसानों के हितों की रक्षा करने के लिए कांग्रेस पार्टी किसानों के कंधे से कंधा मिलकर के संघर्ष करने के लिए तैयार खड़ी हुई है।
BB News 24 www.bbnews24.live